भ्ररवारा महोबा। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में ग्राम भरवारा के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस और बारातियों से भरी बोलेरो कार की आमने सामने भिडंत में वोलेरो सवार वीडियोग्राफर की मौत हो गई जबकि दूल्हे का भाई समेत आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं रोडवेज बस पलटने से बच गई। बस में सवार एक दर्जन यात्री चुटहिल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद बस और बोलेरो के चालक मौके से फरार हो गए।
जनपद झांसी के ग्राम चकारा बम्हौरी निवासी देवकीनंदन के पुत्र सुरेश की शादी सीताराम की पुत्री लक्ष्मी के साथ महोबा में तय हुई थी। मंगलवार की रात बारात महोबा आई थी। बुधवार की दोपहर विदा होने के बाद बारात वापस जा रही थी। एक बोलेरो में दूल्हे का भाई और पिता रिश्तेदारों के साथ लौट रहे थे तभी ग्राम भरवारा के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बस की बोलेरो से आमने सामने भिडंत हो गई। बेकाबू बस सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलटने से बच गई। दुर्घटना के बाद बोलेरो और बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर यूपी 100 पुलिस और ग्रामीण पहुुंच गई।
भिडंत में बोलेरो कार में सवार शादी में वीडियोग्राफी करने आए रोहित कुमार 18 की मौके पर मौत हो गई जबकि दूल्हे का भाई नरेश कुमार, पिता देवकीनंदन व रिश्तेदार रबीता 11 पुत्री बबलू, मनीषा 08 पुत्री भुमानीदीन, शिवम 12 पुत्र भुमानीदीन, दिनेश कुमार 16 पुत्र संतराम व संतोष कुमार 23 पुत्र मूंगा अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आनन फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं बस में सवार राठ निवासी रेखा, देवेंद्र, महोबा निवासी विमला, राजकुमार, प्रेम सहित एक दर्जन लोग चुटहिल हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इंसेट
बस चालक की लापरवाही से हुआ हादसा
हाइवे में ग्राम भरवारा के समीप हुए हादसे में रोडवेज बस के चालक की लापरवाही उजागर हुई। राठ से सवारिया लेकर महोबा आ रही रोडवेज बस का चालक गलत साइड में चल रहा था। रफ्तार तेज होने के चलते बोलेरो चालक कुछ समझ पता इससे पहले भिड़त हो गई। दुर्घटना के बाद बस का चालक मौके से भाग गया। गनीमत रही कि बस पलटने से बच गई नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने बताया कि बस बाई साइड की जगह दाहिने साइड चल रही थी जिससे बस दाहिने साइड ही पलटने से बची है।
इंसेट
डग्गामार वाहनों का यात्रियों ने लिया सहारा
बस और बोलेरो कार की भिडंत के बाद बस चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। दुर्घटना में चुटहिल हुए बस में सवार यात्री परेशान रहे। घंटों कोई दूसरी बस न भेजे जाने पर यात्रियों ने गंतव्य तक पहुंचने के लिए डग्गामार वाहनों का सहारा लिया। कुछ यात्री चुटहिल अवस्था में घर पहुंचे। हालांकि बस पलटने से बच जाने और सभी यात्रियों के सुरक्षित होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।