कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खन्ना के नजदीक बुंदेलखंड ढाबा के सामने पैदल जा रहे एक किसान को बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे ग्रामीण गिरकर बुरी तरह घायल हो गया, नाजुक हालत में जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्रामीण को मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया।
कोतवाली मौदहा के ग्राम धमौरा निवासी बदलूराम (55) पुत्र शिवबालक प्रजापति ग्राम गुढ़ा से बैल खरीद कर पैदल गांव वापस जा रहा था, तभी ग्राम खन्ना के पास बुंदेलखंड ढाबा के पास महोबा की तरफ से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे ग्रामीण दूर जा गिरा। खून से लतपथ हालत में ग्रामीणों ने उसे उठाकर एंबुलेंस को सूचना कर जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल से उसे मेडिकल झांसी के लिए रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक का ग्रामीणों ने पीछा करने का प्रयास किया लेकिन गाड़ी चालक भाग निकला। पीड़ित के परिजनों ने थाना खन्ना में तहरीर दी है, पुलिस बोलेरो चालक की तलाश में जुट गई है। उधर महोबा लौड़ी मार्ग पर कुम्हड़ौरा गांव के आगे लवकुश नगर निवासी रामशंकर की बाइक असंतुलित होकर गिर गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां जिसे जिला अस्पताल लाया गया। मरहम पट्टी के बाद छुट्टी कर दी गई।