2015 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा परीक्षार्थियों को गर्मी और अंधेरे के बीच देनी पड़ेगी। भले ही माध्यमिक शिक्षा विभाग और परीक्षा केंद्र प्रभारी बेहतर इंतजाम के दावे कर रहे हों लेकिन सच ये है कि परीक्षा केंद्र में बिजली कनेक्शन तक नहीं है।
19 फरवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होनी हैं। लेकिन परीक्षा केंद्रों में तैयारियां पूरी नहीं हैं। शहर के नेहरू इंटर कॉलेज में छह साल से बिजली कनेक्शन तक नहीं है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को गर्मी में ही परीक्षा देनी होगी। वहीं खिड़की से आने वाली रोशनी ही उनका सहारा बनेगी।
नेहरू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजकुमार एवं केंद्र प्रभारी मूलचंद्र निगम ने बताया कि विद्यालय के छह कक्षाें में हाईस्कूल के 189 और इंटरमीडिएट के 130 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। विद्यालय के कुछ कमरों की खिड़की टूटे होने के कारण नकल की संभावना के चलते उन कक्षाें में परीक्षा नहीं कराई जा रही है।
उधर डीएवी इंटर कॉलेज में परीक्षा केंद्र प्रभारी अखिलेश राजपूत ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। यहां हाईस्कूल के 489 और इंटर के 497 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्हाेंने बताया कि बिजली जाने पर जेनरेटर की व्यवस्था रहेगी।