बजरंग दल के जिला संयोजक के साथ अभद्रता से नाराज बजरंग दल के
कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपकर सुभाष नगर चौकी प्रभारी
को तत्काल बर्खास्त किए जाने की मांग की।
उपजिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि बजरंग दल के जिला संयोजक सत्येंद्र गुप्ता खनगा बाजार में स्थित दुकान से रात में घर लौट रहे थे। तभी अचानक रास्ते में सुभाष चौकी प्रभारी मोहम्मद आरिफ ने जिला संयोजक को रोक लिया और उसके साथ अभद्रता कर हिंदू संगठनों के नेताओं पर भी भद्दी टिप्पणी की। प्रभारी ने जिला संयोजक का बुरा हाल करने की भी धमकी दी। ज्ञापन में बताया कि चौकी प्रभारी द्वारा हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ आए दिन अभद्रता की जाती है। चौकी प्रभारी की इस तानाशाही पूर्ण रवैये व बजरंग दल के संयोजक के साथ अभद्रता किए जाने से नाराज बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चौकी प्रभारी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए प्रभारी को तत्काल बर्खास्त किए जाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सह विभाग संयोजक अवधेश शर्मा, संजय प्रताप सिंह, भरत कुशवाहा, बाबूलाल, संतोष प्रजापति, अखिलेश, पुष्पेंद्र, प्रकाश, प्रमोद, मनीष सोनी, प्रशांत, देवेंद्र राजपूत सहित तमाम बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।