महोबा। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए घमासान तेज हो गया है। भाजपा से जेपी अनुरागी व सपा से मृत्युंजय प्रताप ने नामांकन किया है। जांच में दोनों प्रत्याशियों के प्रपत्र सही पाए गए हैं। 3 जुलाई को मतदान के बाद साफ होगा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कौन बैठेगा। सपा-भाजपा में सीधी टक्कर है क्योंकि किसी भी निर्दलीय ने पर्चा दाखिल नहीं किया है। जिला पंचायत की कुल 14 सीटें हैं ।
शनिवार को 11 से 3 बजे के बीच नामांकन प्रक्रिया का समय निर्धारित था। सुबह 11 बजे समाजवादी से अधिकृत प्रत्याशी मृत्युंजय प्रताप नामांकन कराने पहुंचे। उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष प्रान सिंह यादव, उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य आशारानी, मो. जाकिर, भोलू यादव ने पहुंचकर नामांकन करवाया। दोपहर 1 बजे भाजपा समर्थित प्रत्याशी जेपी अनुरानी नामांकन कराने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, सहकारी बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, सदस्य आरती अरविंद नायक, रमा राजू सिंह, रोशनी वर्मा, तेजा शिवहरे, माया विजय कुमार, गायत्री, दयावती और मनोज राजपूत, शिवकुमार राजपूत समेत कलक्ट्रेट परिसर में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपर जिलाधिकारी राम सुरेश वर्मा ने बताया कि समाजवादी पार्टी से मृत्युंजय प्रताप व भाजपा से जय प्रकाश अनुरागी ने नामांकन किया है । दोनों प्रत्याशियों के पर्चे जांच में सही पाए गए हैं। 29 जून को नाम वापसी है, तीन जुलाई को मतदान होगा।
इंसेट
गलत रास्ते से नामांकन करने पहुंच गए भाजपाई
दोपहर एक बजे भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जेपी अनुरागी सदस्यों के साथ नामांकन करने पहुंच गए। जिसके बाद सीओ राम प्रवेश राय ने उन्हे सही रास्ते से आने के लिए कहा। इसके बाद प्रत्याशी और उनके समर्थक दूसरे गेट से आकर नामांकन किया। इस दौरान कोविड नियमों की परवाह नहीं दिखी। प्रत्याशी व समर्थक बिना मास्क के नजर आए।
निर्दलीय तय करेंगे अध्यक्ष
जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए घमासान तेज होने के चर्चा तेज हो गई है कि आखिर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कौन बैठेगा। राजनीतिक जानकारों का कहना है सपा-भाजपा में सीधी टक्कर है लेकिन उनकी चाबी निर्दलियों के पास है। निर्दलीय जिस तरफ खड़े हो जाएंगे उसी की जीत पक्की हो जाएगी।