खेतों में बर्बाद फसल का सर्वें करते भाजपा जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी
- फोटो : MAHOBA
कबरई। सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को किसानों की बर्बाद फसलों का आकलन कर 48 घंटे में सहायता देने के निर्देश दिए हैं। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष और बसपा जिलाध्यक्ष ने खेतों में पहुंच बर्बाद फसलों की हकीकत देखी और किसानों को जल्द राहत दिलाने का भरोसा दिया।
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों के हुए नुकसान का सर्वे कई स्तरों पर जारी है। एसडीएम कुलपहाड़ मोहम्मद उवैस ने अजनर क्षेत्र में फसल के नुकसान का सर्वे किया। तहसीलदार सुबोधमणि शर्मा ने सुंगिरा गांव में नुकसान का जायजा लिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने कुलपहाड़ मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह व पूर्व जिलाध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी के साथ लाड़पुर, बम्हौरी और अतरपठा में किसानों से मुलाकात कर सर्वे किया। उन्होंने बताया कि वास्तविक नुकसान का सर्वे मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। ताकि किसानों को अधिक से अधिक राहत मिल सके।
कबरई प्रतिनिधि के अनुसार मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह के साथ मंडल उपाध्यक्ष व महामंत्री शांतनु तिवारी ने फसलों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। रिपोर्ट भाजपा जिला कार्यालय भेजी जाएगी। श्रीनगर प्रतिनिधि के अनुसार बसपा जिलाध्यक्ष मोहम्मद इकबाल ने श्रीनगर, उरवारा और पिपरामाफ का जायजा लिया।