कुलपहाड़ (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम सुगिरा के पास बाइक और ट्रैक्टर की भिड़ंत में पीआरडी जवान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हेलमेट टूट जाने व सिर पर गंभीर आई गंभीर चोट जवान की मौत का कारण बनी।
कस्बा पनवाड़ी के मोहल्ला वजनापुरा निवासी संतोष कुमार अहिरवार (40) पुत्र सुम्मा अहिरवार पीआरडी जवान के पद पर कार्यरत था। उसकी ड्यूटी महोबा में ट्रैफिक पुलिस के साथ लगी थी। मंगलवार रात को वह ड्यूटी से घर लौट रहा था। तभी हाईवे पर ग्राम सुगिरा के पास बालू लेकर आ रहे ट्रैक्टर से उसकी बाइक भिड़ गई। हादसे में जवान का हेलमेट टूट गया और उसके सिर पर गहरी चोट लग गई, जिसकी वजह से अत्यधिक खून बह गया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
जवान के परिवार में पत्नी सवित्री व इकलौता पुत्र मनीष(11) हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार दुबे का कहना है कि ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया है। ट्रैक्टर किसका है पता लगाया जा रहा है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।