जाको राखे साइयां मार सके न कोय कहावत सोमवार सुबह उस समय चरितार्थ हो गई जब तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए। जबकि बाइक सवार युवक को खरोच भी नही आई। यह देख लोग हैरान रह गए और ईश्वर का शुक्रिया करते नजर आए।
मध्यप्रदेश के जनपद छतरपुर के ग्राम चंदला निवासी पूरन (22) पुत्र रामसुहावन सोमवार को बाइक से कबरई आ रहा था। तभी बालाजी क्रेशर के पास पीछे से आ रहे पत्थर लदे ट्रक चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे युवक 10 फीट दूर तक घिसटता चला गया।
दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए जबकि युवक को खरोंच भी नही आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बड़ी दुर्घटना में युवक को चोटें न आने पर लोग हैरान रह गए।
श्रीनगर प्रतिनिधि के अनुसार बेलाताल रोड पर बिलखी तिगैला के पास बाइकों की भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। ग्राम बिलखी निवासी रामसेवक राजपूत 60 व उसकी पत्नी फूला 58 बाइक से गांव वापस जा रहे थे। तभी बिलखी तिगैला के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में दंपत्ति घायल हो गए। जबकि दूसरी बाइक में सवार सिजवाहा निवासी पूरन 30 व उसका साथी रामबाबू को भी चोटें आईं हैं। चारों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर में भर्ती कराया गया है।