फोटो 18 एमएएचपी 16 परिचय-ट्रॅाफी के साथ खुशी जताते विजेता टीम के खिलाड़ी। संवाद
श्रीनगर (महोबा)। ब्लाक कबरई के सिजहरी गांव में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। छतरपुर को हराकर बेलाताल की टीम ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आयोजन समिति की विजेता और उप विजेता टीमों को ट्रॉफी व नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
स्वामी ब्रह्मानंद स्टेडियम सिजहरी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर बेलाताल की टीम ने पहले बल्लेबाजी की। टीम के खिलाड़ियों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 162 रन बनाए। जवाब में छतरपुर की टीम काफी दबाव में दिखी। बल्लेबाजों ने उम्मीद के विपरीत काफी धीमी शुरुआत दी। जैसे-जैसे बल्लेबाजों ने रन गति को बढ़ाने का प्रयास किया, वैसे-वैसे नियमित अंतराल में विकेट पतन होता गया। इससे पूरी टीम केवल 120 बनाकर ऑल आउट हो गई। बेलाताल की टीम ने 42 रनों से फाइनल मुकाबला जीता। बेलाताल के गेंदबाज अनिल ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में केवल सात रन दिए और तीन विकेट झटके। इसके साथ ही 28 रन भी बनाए। इस पर उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान 162 रन बनाने और सात विकेट लेने पर हन्नू को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, समाजसेवी सुलभ सक्सेना व ग्राम प्रधान नरेश राजपूत ने विजेता और उप विजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी सौंपी। इस मौके पर एसडीएम सल्तनत परवीन आदि मौजूद रहे।
-
टिकरिया व अतरपठा ने जीते मुकाबले
अजनर। कस्बा अजनर में चल रहे सिद्धबाबा क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। इनमें टिकरिया क्रिकेट क्लब और अतरपठा क्रिकेट क्लब ने मैच जीते। पहले मैच में टिकरिया क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में सात विकेट खोकर 106 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजपूत क्रिकेट क्लब की टीम सात ओवर में 75 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इससे टिकरिया ने यह मैच 31 रनों से जीत लिया। दूसरे मैच में अतरपठा क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में पांच विकेट खोकर 102 रन बनाए। जवाब में बड़ागांव क्रिकेट क्लब की टीम 9.3 ओवर में 90 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इससे अतरपठा क्रिकेट क्लब ने यह मुकाबला 12 रनों से अपने नाम किया।