अजनर (महोबा)। कस्बा अजनर के कुरेले मैदान में चल रहे सिद्धबाबा क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दो मुकाबले खेले गए। इनमें बेलाताल और बमनौरा क्रिकेट क्लब ने जीत दर्ज की। मैच देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ जुटी रही।
पहला मैच बेलाताल क्रिकेट क्लब व मऊ सहानियां क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीतकर बेलाताल क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी मऊ सहानियां क्लब की टीम 11 ओवर में 67 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में बेलाताल क्लब ने 10 ओवर में आठ विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया। दूसरा मैच बमनौरा क्रिकेट क्लब और सुखानंद क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीतकर बमनौरा क्लब ने पहले गेंदबाजी की। बल्लेबाजी करते हुए सुखानंद क्लब ने निर्धारित 12 ओवर में तीन विकेट खोकर 112 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बमनौरा क्लब ने 10 ओवर में पांच विकेट खोकर मैच जीत लिया। मैच में अंपायर की भूमिका श्याम सिंह व देवेंद्र यादव ने निभाई जबकि कमेंट्री डॉ. बीके राजपूत और शिवम यादव ने की।