मंदिर के समीप दुकान के बाहर टकराई बस।
- फोटो : amar ujala
महोबा। रोडवेज बस स्टैंड के समीप बस का ब्रेक फेल से होने से भगदड़ मच गई। बस की चपेट में आने से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। बेकाबू बस मिठाई की दुकान से टकरा गई। चालक की सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। गंभीर हालत में घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
महोबा डिपो की रोडवेज बस बुधवार सुबह करीब 8 बजे राठ रवाना हुई, तभी बस अड्डे के पास ही ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने की जानकारी होने पर आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। भागते समय बस की चपेट में आने से मुकेश (40) पुत्र किशोरीलाल निवासी मोहल्ला बजरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि बस की रफ्तार तेज न होने और चालक की सूझबूझ पर बस मिठाई की दुकान में घुसने से बच गई। तब लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान करीब आधा घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। सड़क के एक ओर बस खड़ी होने से जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंचे रोडवेज कर्मचारियों ने बस को दुरुस्त करते हुए गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया। बस की चपेट में आने से घायल हुए युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।