कुलपहाड़ (महोबा)। यातायात माह के तहत गुरुवार को जनतंत्र इंटर कालेज में यातायात जागुरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मंडलीय प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
शिविर में छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी धनंजय कुशवाहा ने कहा कि यातायात नियमों के पालन करने वाले दुर्घटना के शिकार नहीं होते है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का हम सभी को पालन करना चाहिए। जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें, व वाहन मोड़ते समय इंडीकेटर का प्रयोग अवश्य करें ।
इस मौके पर कोतवाली प्रभारी सतीशचंद्र शुक्ला ने कहा कि भारत में 215 में करीब 4 लाख 79 हजार लोग दुर्घटना का शिकार हुए हैं जिसमें एक लाख लोगों की मौत हो चुकी हैं। शिविर में यातायात नियमों का पालन करने की छात्र छात्राओं को शपथ दिलाई गई। शिविर दौरान विगत दिवस चित्रकूट में हुई मंडलीय प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर यातायात प्रभारी प्रेमनारायण कुशवाहा, एसआई कल्लू प्रसाद यादव सहित कालेज स्टाफ के लोग मौजूद रहे।