कबरई (महोबा)। थाना कबरई के छानीकलां गांव में बीए के छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
छानीकलां गांव निवासी सीताराम ने बताया कि उसका बेटा धीरज अनुरागी (21) कस्बे के रोशन सिंह बदन सिंह महाविद्यालय में बीए फाइनल का छात्र था। वह महोबा में रहकर पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। उसके तीन बड़े भाई अच्छेलाल, राजू और नीरज जयपुर में मजदूरी करते हैं। दिवाली पर्व पर धीरज अपने गांव गया था। त्योहार के बाद तीनों भाई तो जयपुर लौट गए लेकिन धीरज गांव में ही रुक गया। मंगलवार को भाइयों ने फोन से धीरज से पढ़ाई के लिए वापस जाने को कहा। इसके कुछ देर बाद वह अपने दूसरे मकान पर चला गया। काफी देर तक न लौटने पर परिजनों ने देखा तो कमरे की कुंडी अंदर से बंद मिली। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो धीरज पंखे के हुक से रस्सी के फंदे पर शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।