महोबा। अवैध संबंध के चलते युवक की हत्या के चार वर्ष पुराने मामले में अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) निर्दोष कुमार ने शुक्रवार को फैसला सुनाया। आरोप सिद्ध होने पर दंपति समेत तीन लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। साथ ही 33-33 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका। जुुर्माना अदा न करने पर छह-छह माह की अतिरिक्त सजा का प्रावधान किया है।
थाना श्रीनगर के ननौरा गांव निवासी फूलारानी पत्नी छिद्दू कुशवाहा का पुत्र रामदास 28 अप्रैल 2016 को घर पर था। तभी गांव के राजू कुशवाहा, उसकी पत्नी सखी व प्रकाश पुत्र दयाराम उसके घर पहुंचे और एक निमंत्रण कार्यक्रम में पनवाड़ी जाने की बात कहकर ले गए। रामदास के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पांच मई 2016 को रामदास का शव एक कपड़े से बंधा सूखे कुएं से बरामद किया गया। सूचना पर पहुंची मृतका की मां फूलारानी ने इसकी शिनाख्त बेटे के रूप में की। बताया कि उसके पुत्र रामदास के राजू की पत्नी से अवैध संबंध थे। जिसके चलते हत्याकर शव कुएं में फेंका गया। फूलारानी की तहरीर पर पुलिस ने राजू कुशवाहा, उसकी पत्नी सखी व प्रकाश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। कॉल डिटेल व पुलिस की विवेचना में प्रकाश का नाम सामने नहीं आया जबकि मामले में नौनी कुशवाहा शामिल पाया गया। जिसका नाम एफआईआर में जोड़ते हुए पुलिस ने विवेचना रिपोर्ट सौंपी।
अपर सत्र न्यायाधीश निर्दोष कुमार की अदालत में चल रहे इस मुकदमे में दो पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुनाया गया। सहायक शासकीय अधिवक्ता सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में राजू कुशवाहा, उसकी पत्नी सखी व नौनी कुशवाहा को सजा सुनाई गई है जबकि अन्य धाराओं में अलग-अलग सजा का प्रावधान किया गया है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी। अर्थदंड की कुल धनराशि में से 60 हजार रुपये मृतक के बच्चों को दिए जाएंगे।