कुलपहाड़/श्रीनगर। जिले में अवैध खनन व परिवहन धड़ल्ले से जारी है। रविवार को खनिज अधिकारी ने बालू भरे दो ट्रैक्टर पकड़े जबकि एसडीएम कुलपहाड़ ने पत्थर से भरा एक ट्रैक्टर पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है। तीनों ट्रैक्टरों को सीज किया गया।
एसडीएम कुलपहाड़ सुथान अब्दुल्लाह ने बस स्टैंड से सुगिरा गांव की ओर जा रहे पत्थर भरे ट्रैक्टर-ट्राली को रोककर कागजात चेक किए लेकिन चालक कोई कागजात नहीं दिखा सका। चालक ने ट्रैक्टर मालिक का नाम लोकेंद्र निवासी गोरखा बताया। एसडीएम ने ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस के सुपुर्द करते हुए खनिज विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा है। दो दिन पहले भी एसडीएम ने जमाला मोड़ के पास से एक ट्रैक्टर को पकड़ा था। श्रीनगर संवाद के अनुसार खनिज अधिकारी शैलेंद्र सिंह व खनिज निरीक्षक एसडीएम ईश्वरचंद्र ने सिजरिया घाट से बालू का अवैध खनन कर ले जा रहे दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ लिया। अधिकारियों की टीम को देखकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने एक चालक महेंद्र सिंह को पीछा कर पकड़ लिया। जिसके खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों ट्रैक्टर सीज किए गए हैं।