पंचायत चुनाव में वोट नहीं देने से गुस्साए दबंगों ने दलित के मकान में आग लगा दी, जिससे मकान के अंदर सो रही किशोरी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने घंटेभर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उपजिलाधिकारी और सीओ चरखारी ने घटना स्थल का जायजा लिया। पीड़ित ने प्रधान पद के प्रत्याशी सहित के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
थाना खरेला के ग्राम ऐंचाना निवासी हल्के अहिरवार सोमवार शाम करीब चार बजे खेत में गया था। आरोप है कि शाम को कुछ लोग आए और उसके घर में आग लगा दी। इस दौरान कमरे के अंदर सो रही उसकी बेटी विनीता (12) बुरी तरह झुलस गई। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बाहर निकाल, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। घर में रखा करीब दो लाख का सामान भी जलकर राख हो गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी ओमवीर यदुवंशी, सीओ समर बहादुर सिंह ने पूछताछ की। गृहस्वामी हल्के अहिरवार ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के बाद रविवार रात दो लोग आए थे और वोट नहीं देने की बात कहते हुए धमकी दे गए थे। उसने धमकी देने वालों पर मकान में आग लगाने का आरोप लगाया है। सीओ का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।