महोबा। भारतीय पोल्ट्री को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा नष्ट करने की रणनीति के विरोध में पोल्ट्री फार्म एसोसिएशन महोबा ने सोमवार को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार महोबा बालकृष्ण सिंह को सौंपा। ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस उद्योग को बचाने की मांग की।
प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन में बताया कि भारत सरकार से आजतक पोल्ट्री किसानों को किसी भी प्रकार का सहयोग नहीं मिला है और न ही सरकार द्वार किसी भी प्रकार की सब्सिडी दी जाती है न ही पोल्ट्री का किसी प्रकार का बीमा किया जाता है। पोल्ट्री किसान अपनी मेहनत करके परिश्रम से आगे बढ़कर इस व्यवसाय को करोड़ों में पहुंचा दिया है। भारी संख्या में लोगों को इस व्यवसाय से रोजगार भी मिला है।
ज्ञापन में बताया कि अमेरिका से भारत चिकन भेजने की वार्ता चल रही है। जिसमें भारत सरकार ने भारत सरकार ने अमेरिकी चिकन पर ड्यूटी कम करने का वादा किया है। इससे भारत देश के पोल्ट्री कारोबार को भारी नुकसान होगा। साथ ही मक्का, बाजरा, सोया, तिलहन बुआई करने वाले किसानों की भी आय गिरेगी। पोल्ट्री फार्म में मक्का, बाजरा, सोया इन सबकी अधिक खपत होती है। ज्ञापन देेने वालों में प्रमोद, छेदीलाल, प्रकाश, रामप्रसाद, दिलीप, मोहम्मद अली, दौलत, रसीद खान, सुधीर वर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।