महोबा। शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को सड़क दुर्घटनाओं में वर्ष 2020 तक त्वरित कमी लाने के लिए उठाए जाने वाले कदम विषय पर भाषण प्रतियोगिता की गई। छात्र छात्राओं ने बढ़चढ़कर हिस्सा लेकर अपने विचार रखे। किसी ने स्वयं जागरुक होकर यातायात नियमों का पालन करने तो किसी ने नशे की हालत में वाहन न चलाने पर जोर दिया।
कालेज सभागार में आयोजित भाषण प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश में सर्वाधिक मौते सड़क दुर्घटनाओं में होती है, जो चिंता का विषय है। सरकार द्वारा लोगों को जागरुक करने के लिए विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग स्वयं जागरूक होकर दूसरों को प्रेरित करें। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने भाषण के माध्यम से दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपाय बताए। एमकाम प्रथम वर्ष के छात्र आशुतोष को बेहतर भाषण के लिए प्रथम स्थान मिला, जबकि अंजना विश्वकर्मा दूसरे स्थान पर रहीं। निर्णायक की भूमिका डॉ. रामकृत अरुण, डॉ. डीके खरे, डॉ. एसएस राजपूत ने निभाई। कुछ प्रतिभागियों ने काव्य पंक्तियों से माहौल बनाया। इस मौके पर डॉ. संतोष पांडेय, डॉ. एलसी अनुरागी, दिलीप सिंह, शैलेष तिवारी, हेमलता, डॉ. केसी वर्मा मौजूद रहे। प्राचार्य ने बताया कि चुने गए प्रतिभागी जिलास्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।