महोबा। शहर के बजरंग चौक स्थित हनुमान मंदिर में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के समापन पर भजन संध्या व विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भजन संध्या में कलाकारों ने भक्तिगीतों से समा बांध दिया।
संगीत संध्या में बांदा से आई भजन गायिका ज्योति पटेल ने छाप तिलक सब छीनी मो से नैना मिलाई के गजल पेश की। मेरी आपकी कृपा से सब काम हो रहा है भजन सुनकर भक्त झूमने को मजबूर हो गए। गायिका वर्षा ने बुंदेली माटी की महिमा अपार, ई के गौरव की गाथा गावे संसार गीत बुंदेली भाषा में पेश किया।
बुंदेली गायक रवि ने सरहद पर शीष न झुकाइओ, प्राणनाथ पीठ न दिखाइओ सुनकर बुंदेलों में देशप्रेम का जोश भरा। भजन गायिका दीक्षा व प्रतीक्षा ने राधा-कृष्ण से जुड़े गीतों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी, विनीता, ऋषभ उपाध्याय समेत सैकड़ों की संख्या में भक्त मौजूद रहे। इस दौरान आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए देर रात तक भक्तों के आने-जाने का सिलसिला चलता रहा।