महोबा। भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग पैसा कमाने के लिए दिनरात दौड़-धूप रहे हैं। वहीं, शहर के एक पेट्रोल पंप संचालक ने पुण्य कमाने के लिए सामाजिक कार्य शुरू कर दिया है। राजनीति से सदैव दूर रहे 75 वर्षीय पेट्रोल पंप संचालक ने अब वृद्धावस्था में एक शवयात्रा वाहन खरीदकर शवों को श्मशान ले जाने के लिए लोगों की मदद की है। इतना ही नहीं शवयात्रा वाहन में डीजल की व्यवस्था से लेकर चालक तक की तनख्वाह अपने पास देते हैं।
शहर में पांच से छह किमी दूर तक बस गए नए मोहल्लों के लोगों को घर में मृत्यु होने पर शव को श्मशान तक ले जाने में खासी दुश्वारियां झेलनी पड़ती थी। जिससे पेट्रोल पंप संचालक राधेलाल गुप्ता ने नि:स्वार्थ भावना से एक शव यात्रा वाहन की व्यवस्था कर दी और वाहन में मोबाइल लिखवा दिया। अब कहीं पर मृत्यु होने पर लोग फोन करके शव यात्रा वाहन मंगा लेते हैं। फोन न लगने पर शहर के कई स्थानों पर सूचना देने पर भी वाहन पहुंच जाता है। मोहल्ला मिलकीपुरा निवासी राधेलाल गुप्ता का कहना है कि कई लोगों को दूर-दराज से शव श्मशान घाट तक ले जाते देखा, जबकि मिट्टी में जाने वाले लोग तो वाहनों से चले गए, लेकिन शव लेकर चल रहे लोगों को दिक्कत उठानी पड़ती थी। यही देखकर शवयात्रा वाहन की व्यवस्था कराई गई।