महोबा। चित्रकूट धाम मंडल बांदा के डीआईजी डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने पुलिस लाइन में चारों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। जिसमें डीआईजी ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव को लेकर आयोग के निर्देश पर शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए अराजकतत्वों को चिंहित कर कड़ी कार्रवाई करें।
डीआईजी ने कहा कि कभी भी आचार संहिता लग सकती है। ऐसे में जिसे जो दायित्व सौंपा गया है उसके अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित कर लें, ताकि व्यवस्था दुरुस्त रहे। चुनाव के दौरान लोगों को वोट डालने से रोकने की शिकायत न आए। उन्होंने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाकर प्रतिबंध लगाएं। महिलाओं व बच्चों से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता बरतें।
उन्होंने शातिर अपराधियों को चिंहित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने और गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान डीआईजी ने पुलिस लाइन महोबा में तैनात आरक्षी प्रदीप कुमार चौहान का चयन राजकीय इंटर कॉलेज में प्रवक्ता पद में होने पर मिठाई खिलाकर उज्जवल भविष्य की कामना की। बैठक में एसपी महोबा सुधा सिंह, एसपी बांदा अभिनंदन, एसपी हमीरपुर शुभम पटेल व एसपी चित्रकूट वृंदा शुक्ला मौजूद रहे।