महोबा। जिले में डीएपी खाद को लेकर मची मारामारी के बीच बुधवार को एक और रैक महोबा रेलवे स्टेशन पर उतरी। बाहर से आई 900 मीट्रिक टन डीएपी की रैक मालगाड़ी से उतारकर समितियों में भेजने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
समितियों के माध्यम से डीएपी किसानों को वितरित की जाएगी। इससे किसानों को राहत मिलेगी। किसानों को पर्याप्त खाद मुहैया कराने के लिए उच्चाधिकारियों की ओर से पिछले दिनों शासन को पत्र लिखा गया था। इसी के तहत एक और रैक आई है। मालगाड़ी से आई डीएपी खाद की नई रैक बुधवार को रेलवे स्टेशन महोबा पहुंची।
उपकृषि निदेशक डॉ. अभय कुमार सिंह यादव और सहकारी निबंधक सहकारिता विनय कुमार तिवारी ने कर्मचारियों के साथ स्टेशन के रैक प्वाइंट पर पहुंच डीएपी खाद को व्यवस्थित तरीके से रखवाया। उप कृषि निदेशक ने बताया कि ट्रकों के माध्यम से खाद समितियों में भेजी जा रही है। बृहस्पतिवार की शाम तक सभी समितियों में डीएपी खाद पहुंच जाएगी।