महोबा। पत्नी से विवाद होने पर नाराज पति ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुट गई है। घटना झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक में महोबा रेलवे स्टेशन से पांच किमी पहले हुई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिलवई निवासी घनश्याम (32) पुत्र साधु मजदूरी का काम करता था। सोमवार की रात किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। जिससे नाराज घनश्याम बाइक लेकर घर से निकल गया। रात के समय युवक ने महोबा स्टेशन से पांच किमी पहले महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। जब गेट मैन ने युवक को ट्रेन से कटा देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। युवक की बाइक ट्रैक किनारे खड़ी मिली।
मृतक के भाई धनीराम ने बताया कि रात के समय घनश्याम का अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। जिसके बाद वह घर से निकल गया। परिजन सुबह तक वापस आने की आशंका जताते रहे लेकिन बाद में उसके भाई के ट्रेन से कटने की सूचना मिली। घटना से मृतक की पत्नी व दो मासूम बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।