प्रदर्शन करते कलक्ट्रेट कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
शासन के उपेक्षापूर्ण रवैए से नाराज उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ ने 13 सूत्रीय मांगों के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट और तहसीलों में काला फीता बांध कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं की गईं तो संघ शांत नहीं बैठेगा। संघ के अध्यक्ष धनेश कुमार ने आंदोलन की रणनीति तय की। महामंत्री ने बताया कि मंगलवार को भी सभी कर्मचारी फीता बांधकर विरोध करेंगे। 24 अगस्त को कार्यालयों में गेट मीटिंग के बाद अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। नौ सितंबर को जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना देकर डीएम को ज्ञापन देंगे। 21 सितंबर को सुबह नौ बजे से राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ का सभी कर्मचारी घेराव करेंगे। इसके बाद भी मांगें स्वीकार नहीं की गई तो कर्मचारी आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। बैठक में कर्मचारी संघ के संरक्षक शशिभूषण, ओमप्रकाश सिंह, संयुक्त महामंत्री अतीकुर्रहमान, संगठन मंत्री धर्मेद्र श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष मोहम्मद जमीर, सांस्कृतिक मंत्री अखिलेश कुमार खरे, दिलीप कुमार, महेशचंद्र सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।