झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम रिवई के
समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक घुस गई। इसमें बाइक सवार दोनों चचेरे
भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल ले जाया जा
रहा था। रास्ते में एक युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरे युवक की हालत नाजुक देख
जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया।
बांदा के मोहल्ला खुटला
निवासी उमेश सोनी (35) पुत्र रामेश्वर सोनी चचेरे भाई नीरज उर्फ छोटू (23)
पुत्र रामदत्त सोनी के साथ शादी के कार्ड बांटने बाइक से महोबा आया था।
गुरुवार
की रात तकरीबन आठ बजे कार्ड बांटकर वापस बांदा लौट रहे थे।
झांसी-मिर्जापुर हाइवे पर ग्राम रिवई के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार
वाहन से बचने के चक्कर में बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में
घुस गई। इसमें बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों
और ग्रामीणों ने आनन फानन में एंबुलेंस को फोन कर बुलाया और दोनों को जिला
अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकाें ने उमेश सोनी को मृत घोषित कर दिया। नीरज
की हालत नाजुक देख उसे कानपुर रेफर कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव
का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से शादी की
खुशियां काफूर हो गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।