ड्यूटी के लिए पूरी सुरक्षा के साथ तैनात एंबुलेंस कर्मी
- फोटो : MAHOBA
महोबा। कोरोना काल में जहां लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। वहीं इस संकट के समय में एंबुलेंस कर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अपनी व परिवार की चिंता छोड़कर वह दिन-रात सेवाएं दे रहे हैं। जिले भर के कोरोना मरीजों को लाने की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर है। कई स्थानों पर उन्हें मरीजों की अभद्रता का शिकार भी होना पड़ा है। फिर भी उनके चेहरे पर न तो शिकन है और न ही थकान।
जिले में कोरोना संक्रमण का प्रसार तेजी से फैल रहा है। मरीजों की संख्या सौ के ऊपर पहुंच गई है। इस संकट के समय में एंबुलेंस कर्मी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाहन कर रहे हैं। जिले में कुल 30 एंबुलेंस हैं। इनमें से छह एंबुलेंस कोरोना मरीजों व उनके परिजनों को लाने के लिए रिजर्व की गई हैं। हर एंबुलेंस में चालक के साथ एक इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन को नियुक्त किया गया है।