फोटो 17 एमएएचपी 24 परिचय-कलक्ट्रेट में डीएम को खाद की हो रही समस्या बताने जाते किसान। संवाद
महोबा। जनपद में खाद वितरण में मनमानी जारी है। किसानों का आरोप है कि साधन सहकारी समिति पहपहरा व गल्लामंडी में खाद उपलब्ध होने के बाद भी किसानों को वितरित नहीं की जा रही है। समिति कई दिन से बंद है। शनिवार को नाराज किसानों ने कलक्ट्रेट पहुंच डीएम को शिकायती पत्र सौंप खाद का वितरण कराए जाने की मांग की है।
किसान रामकृपाल, राजेश, हलकुट्टी, मुन्नालाल, मिथलेश, विनोद, पर्वती, नीलम, सुनीता, गोमती आदि ने बताया कि वह बिलवई और छिकहरा गांव के किसान हैं। उन्हें साधन सहकारी समिति पचपहरा व गल्लामंडी से खाद मिलती है। रबी सीजन की बोआई का समय चल रहा है।
किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की ज्यादा जरूरत है। कई दिन से दोनों समितियां बंद हैं। जानकारी मिली है कि समितियों में खाद उपलब्ध है लेकिन समिति के सचिव व विक्रेता सोसाइटी नहीं खोल रहे हैं और न ही किसानों को खाद बांटी जा रही है। किसानों ने पहपहरा व गल्लामंडी समिति में रखी खाद की जांच कराने और किसानों को नियमानुसार वितरित कराए जाने की मांग की है।