हमीरपुर। सुमेरपुर कस्बे के वार्ड नंबर 4 स्थित आंबेडकर पार्क की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। सोमवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर समिति के अध्यक्ष रघुवर प्रसाद बौद्धाचार्य के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में भूमि को कब्जामुक्त कराने, आंबेडकर प्रतिमा स्थापित करने, बाउंड्रीवॉल बनवाने और पार्क का सुंदरीकरण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि धर्मेश्वर बाबा मोहल्ले में स्थित जमीन वर्ष 1995 से राजस्व अभिलेखों में आंबेडकर पार्क के नाम दर्ज है। पार्क में बाउंड्री और सुंदरीकरण नहीं कराया गया। समिति का आरोप है कि प्रशासनिक उदासीनता का फायदा उठाकर मोहल्ले के कुछ लोगों ने पिछले सात-आठ वर्षों से भूमि पर कब्जा कर रखा है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कब्जे के सबंध में पहले भी अधिकारियों और शासन स्तर पर शिकायत की जा चुकी है। पूर्व जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पंचायत सुमेरपुर ने कब्जा हटाने की कार्रवाई भी की थी लेकिन दोबारा कब्जा कर लिया गया। ज्ञापन देने वालों में इंद्रजीत वर्मा, अशोक कुमार, रामप्रकाश और रामस्नेही सहित अन्य लोग मौजूद रहे।