अजनर (महोबा)। थाना अजनर के खमा गांव में तेज आवाज में साउंड बजाने से रोकने पर युवक की पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की दो रॉड और बांस की एक लाठी भी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
खमा गांव में नौ नवंबर की रात करीब नौ बजे नशे में धुत कुछ लोग अपने दरवाजे पर तेज आवाज में साउंड बजाकर नाच रहे थे। इसी दौरान वहां से निकले गांव के कृष्णकांत व नवल किशोर ने आवाज धीमी करने को कहा था। इसी बात को लेकर दबंगों ने डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। सिर में गंभीर चोट लगने से कृष्णकांत की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। मृतक के भाई रामेश्वर अहिरवार की तहरीर पर पुलिस ने कमलेश, मुकेश, राजपाल अहिरवार व सुनीता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने घटना में शामिल चारों आरोपियों को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।