महोबा। यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध एक बार फिर लबालब हो गया। हालात को देखते हुए बुधवार को बांध के सात फाटक खोलकर 84 हजार क्यूसेक पानी धसान नदी में डिस्चार्ज किया गया। महोबा के नौ व झांसी के छह गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान नदी के आसपास स्थित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया।
लहचूरा बांध की अधिकतम भंडारण क्षमता 182.30 मीटर है। बांध पहले से ही पूरी तरह भरा है। सुखनई नदी, पहाड़ी बांध व मध्य प्रदेश के बानसुजारा बांध से पानी आने के चलते लहचूरा बांध का जलस्तर बढ़ गया। जनपद महोबा के काशीपुरा, लिलवा, धरवार, कोटरा, रिपनौर, बीहट, नगाराघाट, स्योढ़ी, सलैया व जनपद झांसी के लहचूरा, बरौड, बरौढ़ा, असपुरा, झारखंड व सुजानपुरा में मुनादी कराकर ग्रामीणों सचेत किया गया है। साथ ही मछुआरों व चरवाहों के नदी के पास न आने के लिए कहा गया है। उधर, अवर अभियंता रामआसरे का कहना है कि बांध में आए अतिरिक्त पानी को सात फाटक खोलकर धसान नदी में डिस्चार्ज किया गया है। बांध की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।