महोबा। कस्बा खरेला के मोहल्ला रायसिंह में रिश्ता तय होने के बाद मंगेतर के शादी से इन्कार करने पर युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से परिजन में चीख-पुकार मच गई। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
मोहल्ला रायसिंह निवासी रमेशचंद्र अहिरवार दिल्ली में मंझले बेटे गनेश के साथ रहकर मेहनत-मजदूरी करता है। घर पर पत्नी माया, बड़ी बेटी मिथलेश व छोटी बेटी रहती है। शुक्रवार की दोपहर मां बकरियां लेकर चराने चली गई तभी मिथलेश (18) ने सूना घर पाकर फंदा लगा लिया। देर शाम को जब मां घर पहुंची तो बेटी को फंदे पर लटका देखा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से जांच की।
मामा लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि मिथलेश ने काशी प्रसाद इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं में प्रवेश लिया था। बेटी की शादी का रिश्ता जनपद हमीरपुर के टोला खंगारन गांव में सात माह पहले तय हो गया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। एक सप्ताह पहले किसी बात को लेकर दोनों में मनमुटाव हो गया था। दो दिन पहले मिथलेश ने मां से कहा कि मंगेतर ने शादी से इन्कार कर दिया है। अब उसे शादी नहीं करनी है। इससे वह परेशान रहती थी। इसी के चलते उसने फंदा लगाकर जान दे दी। थानाध्यक्ष खरेला नन्हेलाल यादव का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।