दुर्घटना के बाद डिवाइडर में फंसी कार से लगा जाम
- फोटो : amar ujala
खरेला (महोबा)। बस स्टैंड खरेला के पास रविवार की रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से चार गायों की मौत हो गई। घटना के बाद कार डिवाइडर में फंस गई। इससे जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को डिवाइडर से अलग कराया। तब एक घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका।
बस स्टैंड के पास सड़क पर काफी संख्या में गोवंश बैठे थे। तभी मुस्करा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने सड़क पर बैठे गाेवंशों को रौंद दिया। इसमें चार गायों की मौत हो गई जबकि एक गाय घायल हो गई। इसके बाद चालक कार लेकर मौके से भागने लगा। टक्कर से असंतुलित कार डिवाइडर से टकराकर फंस गई। दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो कार सवार लोग मौके से भाग गए। काफी प्रयास के बाद इनमें से एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़ लिया। वहीं डिवाइडर में दुर्घटनाग्रस्त कार के फंस जाने से यहां पर यातायात ठप हो गया। सूचना पर पहुंचे थाने के एसएसआई शिवदान सिंह ने मृत गोवंशों को सड़क से अलग कराया। इसके बाद ट्रेक्टर से दुर्घटनाग्रस्त कार को खींचकर किनारे किया गया। इस दौरान सड़क के दोनोंं ओर वाहनोंं की कतारें लगी रहीं। एक घंटे बाद जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। थानाध्यक्ष सुषमा चौधरी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। गोरक्षा संगठन की सूचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।