महोबा। अधिवक्ताओं के हितों से जुड़ी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर राजधानी लखनऊ में विधानसभा घेराव के दौरान प्रदेशभर के अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसमें जनपद महोबा के अधिवक्ताओं ने भी शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, दुर्घटना बीमा की धनराशि पांच लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने और वरिष्ठ अधिवक्ताओं को पेंशन देने की मांग उठाई। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बुंदेलखंड व पूर्वांचल में अलग-अलग हाईकोर्ट की स्थापना समेत अधिवक्ताओं के हितों से जुड़ी अन्य मांगों को भी प्रमुखता से रखा। प्रदेशव्यापी कार्यक्रम में महोबा जिले से पूर्व अध्यक्ष इरेंद्र बाबू अनुरागी, महामंत्री राजेंद्र तिवारी, जिला अधिवक्ता समिति के पूर्व कनिष्ठ सदस्य संतोष साहू, अवधेश रैकवार, सुरेंद्र तिवारी, योगेश यादव, दीपक सोलंकी, खूबचंद्र सेन, नीरज पाठक समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए।