महोबा। शहर के मोहल्ला मलकपुरा में दबंगों ने अधिवक्ता समिति के पूर्व अध्यक्ष के घर में असलहों के बल पर कब्जाकर परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट व अभद्रता की। इससे नाराज जिला अधिवक्ता समिति ने दो दिन के अंदर दबंगों पर कार्रवाई न होने पर 12 अगस्त से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। साथ ही पीड़ित अधिवक्ता ने दबंगों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मलकपुरा निवासी अधिवक्ता राजकिशोर तिवारी बार एसोसिएशन महोबा के पूर्व अध्यक्ष हैं। दो दिन पहले उनके परिवार के ही लोगों ने मकान पर अपना अधिकार जताते हुए कब्जा कर लिया और अधिवक्ता के परिजनों के साथ गाली-गलौज कर अभद्रता की साथ ही जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता ने कोतवाली प्रभारी, पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई की गई।
दबंगों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने पर सोमवार को अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष केसर राजपूत ने दो दिन के अंदर कार्रवाई न होने पर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। इस दौरान मुन्नालाल धुरिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र नाथ द्विवेदी, उपाध्यक्ष बालेंद्रु सिंह यादव, राजकुमार राठौर, संदीप कुमार, मयंक कुमार, कुलदीप कुशवाहा व रामप्रकाश शुक्ल मौजूद रहे।