महोबा। सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में डीएम गजल भारद्वाज ने विभिन्न परियोजनाओं में प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने श्रेणी-ए, बी, सी व डी में शामिल परियोजनाओं की स्थिति देखी। कहा कि सभी विभाग सुनिश्चित करें कि डाटा फीडिंग में कोई त्रुटि न हो और कोई डेटा पोर्टल पर छूटने न पाए। ताकि जनपद की रैंकिंग पर विपरीत प्रभाव न पड़े। पोर्टल पर डाटा फीड न करने पर उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देेने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने बी,सी,डी और ई ग्रेड वाली परियोजनाओं में सुधार के निर्देश दिए। कहा कि विभिन्न योजनाओं में प्राप्त आवेदनों को लंबित न रखें और समय पर उनका निस्तारण करें। कहा कि लोगों की शत-प्रतिशत फैमिली आईडी बनाई जाएं और रैंकिंग में सुधार किया जाए। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना में पोर्टल पर फीडिंग न करने व लापरवाही बरतने पर डीएम ने जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। सीवीओ को निर्देश दिए कि सड़क पर घूम रहे गोवंशों को अभियान चलाकर गोशालाओं में भेजा जाए। कहा कि सभी गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। उन्होंने सहायक निदेशक मत्स्य को रैंकिंग में सुधार करने के निर्देश दिए। डीएम ने भवन निर्माण में डी रैंकिंग से ए रैंकिंग मिलने पर अधिशाषी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण की अच्छा कार्य करने पर प्रशंसा की। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को किसान सम्मान निधि में रैंकिंग में सुधार करने के निर्देश दिए।