महोबा। राजकीय आईटीआई की रिक्त सीटों पर अब चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया एक अक्तूबर से शुरू होगी। इस दौरान एनसीवीटी और एससीवीटी पाठ्यक्रम में रिक्त सीटों पर दाखिले लिए जाएंगे।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास व उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव अभिषेक सिंह ने इसे लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं। जिले में राजकीय आईटीआई महोबा, चरखारी, बेलाताल और खरेला संचालित हैं। आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश को लेकर इस वर्ष 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया कराई गई। आईटीआई महोबा में एक वर्षीय व दो वर्षीय एनसीवीटी और एससीवीटी की 18 ट्रेडें संचालित हैं। चारों आईटीआई में तीन चरणों की प्रवेश प्रक्रिया हो चुकी है।
इनमें 1,400 सीटों के सापेक्ष अभी तक 80 फीसदी सीटें भर चुकी हैं जबकि 20 फीसदी सीटें खाली हैं। अब राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की ओर से चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया एक से तीन अक्तूबर तक कराए जाने के निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थी अपने शैक्षिक व आवश्यक दस्तावेजों के साथ आईटीआई पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।