महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर स्नातक व स्नातकोत्तर विषम सेमेस्टर की कक्षाओं का पाठ्यक्रम पूरा कराया जाएगा। साथ ही अवकाश के दिनों में ऑनलाइन क्लास लगेगी। इसको लेकर विश्वविद्यालय की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिले के 23 निजी व चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। विश्वविद्यालय की ओर से तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं 29 नवंबर व प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 10 दिसंबर से शुरू कराए जाने की घोषणा की गई है। परीक्षा निकट हैं और अभी कई विषयों का पाठ्यक्रम पूरा नहीं हुआ है। स्नातक प्रथम सेमेस्टर में पिछले माह तक प्रवेश प्रक्रिया ही चलती रही। ऐसे में सबसे ज्यादा प्रथम सेमेस्टर में ही विभिन्न विषयों का पाठ्यक्रम पूरा होना शेष है। ऐसे में परीक्षा से पहले पाठ्यक्रम पूरा कराने के लिए विश्वविद्यालय की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी के परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर की ओर से संबद्ध कॉलेजों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर अथवा अवकाश के दिनों में ऑनलाइन क्लास लगाकर कोर्स पूरा कराया जाएगा। ताकि परीक्षा शुरू होने से पहले कोर्स पूरा हो सके। कॉलेज प्राचार्यों की ओर से अपने कॉलेजों में संबंधित विषयों के प्राध्यापकों को अवगत करा दिया गया है।