खन्ना (महोबा)। चित्रकूट धाम मंडल के कमिश्नर दिनेश सिंह ने बुधवार को डीएम सत्येंद्र कुमार के साथ ब्लॉक कबरई के गांव खम्हरिया में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न खेलों के ट्रैक का कार्य सप्ताह भर के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे निर्माण की प्रगति भी देखी।
गांव खम्हरिया में कमिश्नर ने जिला प्रशासन की मौजूदगी में विकास कार्यों का जायजा लिया। निर्माणाधीन स्टेडियम के कार्य को देखा। निर्माण कार्य देख रहे ग्राम सचिव ओम तिवारी को वॉलीबाल, क्रिकेट, फुटबाल, कबड्डी के ट्रैक को एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद गांव में संचालित गोशाला की व्यवस्था को देखा। ग्रामीणों से गोशाला को भूसा दान करने की अपील की।
उसके बाद कमिश्नर ने डीएम के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे परियोजना के काम को देखा। उन्होंने निर्माण कार्य में लगी इफको इन्फ्राटेक प्रा. लि. कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संतलाल मौर्या से जानकारी लेते हुए कहा कि हर हाल में वर्ष 2022 तक एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा कराया जाए। इस दौरान जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम, डीपीआरओ संतोष कुमार, एसडीएम सौरभ पांडेय, कबरई बीडीओ विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।