महोबा। जिला पूर्ति अधिकारी एसपी शाक्य व उनकी टीम ने जिले के सभी पेट्रोल पंपों की जांच की। इस दौरान कई पंपों पर खामियां पाई गईं। पेट्रोल कम नापने के आरोप में दो पेट्रोल पंप के एक-एक नोजल से पेट्रोल की बिक्री पर रोक लगाई गई। इसके अलावा खामियां मिलने पर 10 पेट्रोल पंपों के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
15 व 17 फरवरी को जिला पूर्ति अधिकारी व उनकी टीम ने महोबा के शिव बजरंग फिलिंग स्टेशन, जीके आटो मोबाइल पंप, ओम लक्ष्मी नारायण, शंकर फिलिंग स्टेशन, केएल फिलिंग स्टेशन, ओपी फिलिंग स्टेशन, प्रखर फिलिंग स्टेशन, जयबालाजी फिलिंग स्टेशन, प्रभाकर हाईवे सर्विस स्टेशन समेत कई पेट्रोल पंपों की जांच की। यहां अनिमितताएं पाए जाने पर संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
साथ ही बालजी फिलिंग स्टेशन, कुलपहाड़ में नोजल पर घटतौली पाए जाने पर चालान काटा गया। साथ ही नोजल की पेट्रोल की बिक्री पर रोक लगा दी गई। वहीं, जीके आटो मोबाइल पंप, छतरपुर रोड महोबा के एक नोजल पर 20 मिली लीटर कम बिक्री पाई गई। इस नोजल से पेट्रोल की बिक्री पर रोक लगा दी गई।