अस्पताल परिसर में धरना देते स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने मांगाें को लेकर आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया है। इन्होंने नौ सूत्री मांगों के समर्थन में बुधवार को अस्पताल परिसर में धरना दिया।
धरने को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मयंक तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी किया जाए। कर्मचारियों को महीनों मानदेय नहीं मिलता, इससे इनकेे सामने आर्थिक संकट पैदा हो जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष नवीनीकरण की प्रक्रिया को समाप्त कर एनआरएचएम कर्मियों की नियुक्ति की जाए। राज्य स्वास्थ्य समिति से अनुमति के बिना किसी भी कर्मचारी की संविदा समाप्त नहीं होनी चाहिए। धरना के बाद संघ नेताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
इसमें एनआरएचएम में कार्यरत कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग में समायोजित किए जाने व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत भर्ती हुए संविदा कर्मचारियों को समय से मानदेय दिए जाने की मांग की गई। इस मौके पर आशीष गुप्ता, बशीम अहमद, रामलखन, ममता अहिरवार, धरमवीर सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।