महोबा। परिषदीय प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में बच्चों की शैक्षिक दक्षता परखने के लिए निपुण विद्यालय आकलन कराया जाएगा। इस बार कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों का आकलन डीएलएड प्रशिक्षु करेंगे। हिंदी और गणित दोनों विषयों में निर्धारित प्रश्नों में अलग-अलग 75 प्रतिशत सही जवाब देने वाले विद्यार्थी को निपुण घोषित किया जाएगा। किसी विद्यालय के कक्षा एक और दो में अलग-अलग 80 प्रतिशत या उससे अधिक बच्चे निपुण मिलने पर उसे निपुण विद्यालय का दर्जा मिलेगा।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने इसको लेकर निर्देश जारी किए हैं। दो चरणों में कार्यक्रम निर्धारित किया है। पहला चरण 21 से 30 दिसंबर और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी 2027 तक चलेगा। कक्षा एक के बच्चों से कविता सुनाने, सरल वाक्य पढ़ने, सुनकर लिखने, 20 तक गिनती, जोड़-घटाव और रुपये-पैसों की पहचान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। वहीं कक्षा दो के विद्यार्थियों को सवालों के जवाब देने, वाक्य लिखने, 99 तक संख्या ज्ञान, जोड़-घटाव, गुणा-भाग और 100 रुपये तक के लेन-देन की जानकारी परखी जाएगी।
आकलन के लिए दो डीएलएड प्रशिक्षुओं की टीम एक कार्य दिवस में दो विद्यालयों का भ्रमण करेगी। प्रत्येक प्रशिक्षु एक विद्यालय के कक्षा एक और दो के 24 बच्चों का आकलन करेगा। बच्चों का चयन निपुण प्लस एप के माध्यम से रैंडम तरीके से होगा। यदि किसी कक्षा में 12 से कम विद्यार्थी होंगे तो उपलब्ध सभी बच्चों का आकलन किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया स्मार्टफोन या टैबलेट के माध्यम से होगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जियो फेंसिंग, फोटो और रैंडम वीडियो कॉल से निगरानी की जाएगी। आकलन के दौरान शिक्षक बच्चों के पास नहीं जाएंगे ताकि उनके प्रदर्शन पर किसी तरह का प्रभाव न पड़े।