महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो मोबाइल और नकदी बरामद की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ऑनलाइन आईडी बनाकर अन्य सटोरियों के साथ मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलवा रहा है। आरोपी रेलवे स्टेशन कुलपहाड़ के पास मौजूद है। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन व ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले व्यक्ति से प्राप्त 2,400 बरामद हुए। आरोपी ने अपना नाम रिजवान अहमद निवासी भटेवराखुर्द बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग ऑनलाइन वेबसाइटों से ग्राहकों को आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराकर ऑनलाइन सट्टा खिलाता था। ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए डिजिटल क्वाइंस दिए जाते थे।
धनराशि का लेन-देन ऑनलाइन और ऑफलाइन किया जाता था। सट्टे में ग्राहक के जीतने पर डिजिटल क्वाइंस के बदले भारतीय मुद्रा में धनराशि का भुगतान किया जाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन गेमिंग एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा खिलाने में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।