महोबा। कानपुर-सागर हाईवे पर गुरुवार रात टाटा मोटर्स एजेंसी के पास सड़क पार कर रहे युवक को एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं अन्य सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद लखनऊ के मोहनलाल गंज स्थित धनऊ रोड निवासी रामसजीवन का पुत्र शिवम (20) ट्रक चालक था। गुरुवार रात वह ट्रक से गिट्टी लेने पत्थर मंडी कबरई आया था। इस दौरान वह कबरई थाना क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे पर टाटा मोटर्स के पास ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर पैदल सड़क पार करने लगा। तभी एक वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी कबरई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अन्य दुर्घटनाओं में कोतवाली क्षेत्र के मिरतला गांव निवासी रंजीत राजपूत (65) शुक्रवार सुबह बाइक से किसी कार्य से जनपद हमीरपुर के मुस्करा गांव गया था। दोपहर को घर लौटते समय बजरिया के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे वह घायल हो गया। इसी तरह मोहल्ला भटीपुरा निवासी रामबाबू (42), ननवारा कुलपहाड़ निवासी उत्तम सिंह (40), बगरौन निवासी मुन्ना यादव (45) व सूपा निवासी चंद्रशेखर (62) अलग-अलग सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।