कुलपहाड़ (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर सुगिरा गांव में नाले के पास रविवार की शाम रोडवेज बस और लोडर में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर सड़क किनारे लगी रेलिंग में फंस गया। हादसे में लोडर चालक व उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बस को थाने में खड़ा करा लिया है।
बांदा डिपो की रोडवेज बस रविवार की शाम सवारियां भरकर झांसी से बांदा जा रही थी। हाईवे पर सुगिरा गांव के नाले के पास पनवाड़ी की ओर जा रहे लोडर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से लोडर रेलिंग में फंस गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
दुर्घटना के समय उधर से गुजर रहे एसडीएम कुलपहाड़ सुथान अब्दुल्लाह व तहसीलदार सुबोध मणि शर्मा ने पुलिस व ग्रामीणों की मदद से लोडर में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
दुर्घटना में लोडर चालक जयराम निवासी नगारा के सिर में गंभीर चोट आई जबकि साथी हरदयाल के पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने बस को थाने में खड़ा कराया है। दुर्घटना में लोडर क्षतिग्रस्त हो गया है।