पनवाड़ी (महोबा)। मार्निंग वॉक पर निकले बी. फार्मा के छात्र की कार की टक्कर से मौत हो गई। उसके तीन अन्य साथी बाल-बाल बच गए। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार की तलाश कर रही है।
पनवाड़ी कस्बे के राठ रोड निवासी फूलसिंह का पुत्र सतेंद्र (20) झांसी में रहकर बी. फार्मा की पढ़ाई कर रहा था। कोरोना संक्रमण बढ़ने पर वह महीने भर पहले घर आ गया था। रविवार की सुबह दोस्तों के साथ मार्निंग वॉक पर गया था।
लौटते समय महोबा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की टक्कर से सतेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके तीनों साथी बाल-बाल बच गए। घायल सतेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक सतेंद्र के पिता सीएचसी पनवाड़ी में चौकीदार के पद पर तैनात है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार अधिक थी। पलक झपकते ही कार टक्कर मारते हुए निकल गई।