दुर्घटना के बाद लोगों की जुटी भीड़
- फोटो : MAHOBA
कबरई (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में कबरई कस्बे के समीप ओवरटेक के चक्कर में बेेकाबू ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया, जिससे एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक घायल। दोनों बाइक सवार ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गए थे। गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवारों के हेलमेट न लगाए होने से उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई। बांदा जिले के मोहल्ला शांतिनगर निवासी राजेंद्र पुत्र रामदीन कृषि विभाग महोबा में संविदा पर कर्मचारी के पद पर तैनात थे। बृहस्पतिवार की शाम वह महोबा से अपने साथी मुन्नूप्रसाद (40) के साथ बाइक से बांदा लौट रहे थे। तभी हाईवे में कबरई के राज मैरिज हाउस के समीप डस्ट लादकर जा रहे ट्रक से ओवरटेक करते समय बाइक असंतुलित होकर फिसल गई और ट्रक के नीचे घुस गई। जिससे पिछला पहिया निकलने से मुन्नूप्रसाद की मौके पर मौत हो गई, जबकि राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद लोगों की मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कबरई देवेंद्र कुमार शुक्ला पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है। दुर्घटना के बाद करीब आधा घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी है।