हाइवे में क्षतिग्रस्त खड़ी कार
- फोटो : MAHOBA
खन्ना (महोबा)। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग में खन्ना पावर हाउस के पास इंडिगो कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें कार सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज कानपुर रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
खन्ना निवासी सूरज वर्मा (23) पुत्र मोहनलाल वर्मा, अपने मित्र रूप सिंह यादव (18) पुत्र रामकरन यादव और भूरा उर्फ आशुतोष (17) पुत्र लल्लू राजपूत के साथ कस्बा कबरई में एक शादी समारोह में शिरकत करने जा रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे कस्बे से दो किमी आगे हाइवे पर खन्ना पावर हाउस के पास कबरई से गिट्टी भरकर आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। दुर्घटना में सूरज वर्मा और रूप सिंह यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि तीसरा साथी भूरा उर्फ आशुतोष को कानपुर रेफर किया गया है।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की यूूपी 112 को सूचना दी गई। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर घायल की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज कानपुर रेफर कर दिया गया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक रूप सिंह बब्बू सिंह डिग्री कॉलेज खन्ना मेें बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। सूरज वर्मा और आशुतोष चाय व मिठाई की दुकान चलाते थे।
खाई में घुसा ट्रक- फोटो : MAHOBA
मृतक रूप सिंह की फाइल फोटो- फोटो : MAHOBA