संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित अभ्युदय कोचिंग में अध्ययनरत अभ्यर्थियों को बाहरी जनपदों में भी पढ़ाई का मौका मिलेगा। उन्हें वहां निशुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
निशुल्क अभ्युदय कोचिंग में यूपीएससी, पीसीएस, आरओ-एआरओ, नीट, आईआईटी, जेईई, एसएससी, रेलवे, यूपी पुलिस, पीईटी, रेलवे, बैंकिंग आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। यहां विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं की ओर से मार्गदर्शन दिया जाता है। साथ ही कॉलेज परिसर में स्थित टैबलेट व डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा भी छात्र-छात्राओं को मिलेगी। वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में संचालित अभ्युदय कोचिंग में आवासीय सुविधा नहीं है लेकिन प्रदेश के लखनऊ, नोएडा, हापुड़, गाजियाबाद समेत अन्य महानगरों में छात्रावास की व्यवस्था है। इस सुविधा का लाभ जनपद महोबा के अभ्यर्थियों को भी मिलेगा। पिछले दिनों कोचिंग में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा कराई गई थी।
परीक्षा में पंजीकृत 450 अभ्यर्थियों में से 380 ने परीक्षा दी थी। वीरभूमि कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. प्रदीप कुमार का कहना है कि इच्छुक अभ्यर्थियों को बाहरी जनपदों में आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। रहने के साथ उनके खाने का इंतजाम भी किया जाएगा। शहर का चयन अभ्यर्थी खुद कर सकेंगे।