फोटो 15 एमएएचपी 24 परिचय-छात्र बालेंद्र कुशवाहा। फाइल फोटो
- फोटो : सांकेतिक
कबरई (महोबा)। थाना क्षेत्र के मकरबई गांव में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई है। खेत में सिंचाई करते समय ट्यूबवेल में लगे मोटर-स्टार्टर में करंट उतरने से यह हादसा हुआ। युवक बीए फाइनल में पढ़ाई के साथ ही कृषि कार्य भी करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम मकरबई निवासी बालेंद्र कुशवाहा (22) कस्बे के एक कॉलेज में बीए फाइनल ईयर का छात्र था। रविवार को वह अपने खेत में ट्यूबवेल से सिंचाई कर रहा था। तभी वह ट्यूबवेल में लगी बिजली मोटर के स्टार्टर में उतरे करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह अचेत होकर गिर गया। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कबरई ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मां चंद्रकली, पिता आनंदी, छोटे भाई रोहित और बहन रोहिणी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता आनंदी ने बताया कि उसके पास छह बीघा कृषि भूमि है। बड़ा बेटा खेती के काम में सहयोग करता था। करंट लगने से उसकी मौत हुई है। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।