फोटो 07 एमएएचपी 05 परिचय-टिन शेड के प्रस्तावित निर्माण कार्य का भूमि पूजन करते विधायक। संवाद
महोबा। पान की खेती करने वाले किसानों की करीब 70 साल पुरानी मांग पूरी हो गई है। शहर के पान मंडी में राज्य वित्त आयोग की निधि से 26 लाख की लागत से टिनशेड का निर्माण कराया जाएगा। विधायक राकेश गोस्वामी ने विधि विधान के साथ शिलान्यास किया। दिवाली पर्व पर टिनशेड की सौगात मिलने से पान किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
शहर की पान मंडी में लंबे समय से खुले आसमान के नीचे किसान पान बेचते हैं। टिनशेड न होने से यहां बारिश व गर्मी के मौसम में किसानों को ज्यादा समस्या होती थी। काफी समय से यहां टिन शेड का निर्माण कराए जाने की मांग चली आ रही आ रही थी। सदर विधायक की पहल पर कार्ययोजना स्वीकृत हुई। सदर विधायक ने पान मंडी पहुंचकर टिन शेड के प्रस्तावित काम का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
विधायक ने कहा कि पान मंडी में टिन शेड का निर्माण कराया जाएगा। इससे किसानों को बारिश और गर्मी में होने वाली समस्या से राहत मिलेगी। पान किसानों का कहना है कि उनकी वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। इस दौरान पालिका ईओ अवधेश कुमार, विधायक प्रतिनिधि रोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।